Monday 22 August 2011

शीला को हटाने के लिए हस्ताक्षर अभियान


नई दिल्ली, जासं : मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को शुंगलू कमेटी व कैग द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद भी केंद्र सरकार द्वारा पद से न हटाए जाने व राष्ट्रमंडल खेल आयोजन में घोटाले की सीबीआइ जांच न कराने के खिलाफ भाजपा मंगलवार से राजधानी में 21 दिवसीय हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान सुबह 10 बजे गुरू तेग बहादुर नगर मेट्रो स्टेशन के पास से शुरू होगा। भाजपा कार्यकर्ता राजधानी के 20 लाख घरों में जाएंगे और कांग्रेस व उसकी सरकार के भ्रष्ट कारनामों के बारे में लोगों को बताएंगे। साथ ही इन लोगों के परिवार के सभी सदस्यों के नाम, पते, मोबाइल व टेलीफोन नंबर एक प्रपत्र पर दर्ज करके हस्ताक्षर लिए जाएंगे। अंत में भाजपा नेता व प्रदेश अध्यक्ष हस्ताक्षर युक्त प्रपत्र राष्ट्रपति को सौंपेंगे ताकि वे मामले में हस्तक्षेप करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार व गृह मंत्रालय जानबूझ कर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और उनके भ्रष्ट सहयोगियों को बचा रहा है। जब तक भ्रष्ट मुख्यमंत्री शीला दीक्षित व उनके सहयोगी जेल नहीं जाएंगे, भाजपा चैन से नहीं बैठेगी। हस्ताक्षर अभियान में गुरू तेग बहादुर नगर मेट्रो स्टेशन, जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन, राजौरी गार्डन मेट्रो, स्लेक्ट सिटी मॉल साकेत, केशवपुरम जिला कार्यालय राजनगर पीतमपुरा, बारा टूटी चौक, उत्तम नगर टर्मिनल आदि स्थानों पर विजेन्द्र गुप्ता, प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा, विजय गोयल, नवजोत सिंह सिद्धू, जगदीश मुखी, डॉ. हर्षवर्धन आरती मेहरा, विजय जौली, पवन शर्मा, रमेश बिधूड़ी के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।

1 comment:

test message